BRICS समिट : दिल्ली में लगातार तीन दिन तक बंद रहेंगे स्कूल और दफ्तर! कौन से रास्ते बंद ? ट्रैफिक एडवाइजरी यहां देखें
दिल्ली के तमाम स्कूल और सरकारी दफ्तरों में काम करने वालों की अगले तीन दिनों तक छुट्टी रहेगी. दिल्ली में आयोजित हो रहे BRICS समिट के चलते प्रशासन की तरफ से ये फैसला लिया गया है, जिसमें बताया गया कि 11 सितंबर को स्कूल और दफ्तरों को बंद रखा जाएगा. ट्रैफिक डायवर्जन और कई तरह की पाबंदियों के चलते ये फैसला लिया गया है. 11 सितंबर को शुक्रवार है और उसके बाद वीकेंड आ रहा है, ऐसे में ज्यादातर स्कूल और दफ्तर सीधे सोमवार को ही खुलेंगे. यानी दिल्ली के छात्रों और सरकारी कर्मचारियों को लंबा वीकेंड मिल रहा है.
ब्रिक्स समिट प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है, जो 12 और 13 सितंबर को होगा. यहां देश के तमाम बड़े नेता पहुंच रहे हैं, जिनके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद है. धौला कुआं के पास स्थित आईटी मौर्य और ताज पैलेस जैसे होटलों से लेकर सेंट्रल दिल्ली तक, हर जगह टाइट सिक्योरिटी है और तमाम रूट्स को डायवर्ट किया गया है. ऐसे में लोगों को ट्रैवल में परेशानी हो सकती है, इसीलिए दिल्ली के स्कूलों और दफ्तरों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
अब ब्रिक्स समिट तो 12 और 13 सितंबर को है, ऐसे में सवाल है कि 11 सितंबर की छुट्टी क्यों दी गई है? दरअसल 12 सितंबर को होने वाले समिट के लिए ज्यादातर नेता और प्रितनिधि 11 को ही भारत आ जाएंगे, उनकी सिक्योरिटी और ट्रैफिक रूट पहले से ही तय हैं. इसीलिए 11 सितंबर यानी शुक्रवार की छुट्टी दी गई है.
1 से 13 सितंबर तक होने जा रहे इस आयोजन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री और डेलीगेट्स आएंगे. इलाके में वीआईपी काफिलों की आवाजाही लगातार रहने के चलते दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है. इन दिनों में आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए भी विशेष ट्रैफिक नियम लागू किए गए हैं.
इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट्स और 35 से ज्यादा सड़कों को नियंत्रित करने की एडवाइजरी जारी की है. साथ ही लोगों को इसका पालन करने की सलाह दी है. आइए यहां जानते हैं पूरी ट्रैफिक एडवाइजरी….
पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे 11 से 13 सितंबर तक इन कंट्रोल्ड सड़कों से न गुजरें. इनमें मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, टी-पॉइंट-लोधी रोड फ्लाईओवर, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, सत्य मार्ग, पृथ्वी राज रोड, फिरोज शाह रोड, अशोका रोड, तुगलक रोड, नीता गुंबद, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू (शांति पथ कॉर्नर से विश्वरी प्लेस तक), ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड और न्याय मार्ग शामिल हैं.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड या आउटर सर्कल का रास्ता अपनाया जा सकता है. ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट, रिंग रोड या हनुमान मंदिर वाले रूट का इस्तेमाल करें. जबकि हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए आश्राम चौक, मथुरा रोड या मेट्रो से जाया जा सकता है.
समिट के दौरान कई जगहों पर डायवर्जन लगाए गए हैं. इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी दालमिया चौक, नाम चौक, बीर बैरग चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल, शक्ति स्थान, अंजुमन हॉल, मोती बाग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, धौला कुआं टी-पॉइंट, इंडिया गेट और मंडी हाउस जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं. इन जगहों पर कुछ दिशाओं से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
वहीं नियंत्रित क्षेत्र के बाहर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं. इस दौरान लोधी रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट और कुछ अन्य सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा.
बस सेवाओं में जरूरत पड़ने पर डायवर्जन किया जा सकता है.
मेट्रो सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेगी और इसे सबसे बेहतर विकल्प माना गया है.
टैक्सी और ऑटो को निर्धारित रूट पर ही चलने की सलाह दी गई है.
वीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी.
आम लोगों के लिए क्या है सलाह?
इन 3 दिनों में वीआईपी मूवमेंट के दौरान नई दिल्ली जिले और आसपास के क्षेत्रों में सख्त ट्रैफिक नियम लागू रहेंगे. इसलिए जरूरी है कि अगर आप इन इलाकों से गुजरने वाल हैं तो यात्रा से पहले अपना रूट जरूर चेक करें. अतिरिक्त समय निकालें और संभव हो तो मेट्रो या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
इस ट्रैफिक एडवाइजरी में साफ-साफ बताया है कि आपातकालीन और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी. एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों को अतिरिक्त समय निकालने की सलाह दी गई है. मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी और इसे सबसे बेहतर विकल्प माना गया है.
वीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी. पुलिस की सलाह है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें. ट्रैफिक पुलिस के संकेतों और निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है. संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.
ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि वीआईपी काफिलों की आवाजाही सुचारू रहे और आम लोगों को भी कम से कम परेशानी हो. यात्रा से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें और संभव हो तो मेट्रो या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.
