बहराइच में 15 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या, गला रेता और हाथ-पैर भी तोड़े, नाक में रेत और गोंद भर दी..

उत्तर प्रदेश : बहराइच में एक 15 वर्षीय किशोरी की हत्या ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है. दरअसल यहां दो दिन पहले घर से लापता हुई लड़की का शव आज उसके घर के पास एक बाग में मिला. उसके शव पर मौजूद चोटों के निशान एक बेहद क्रूर और अमानवीय हिंसा की कहानी बयां कर रहे हैं. लड़की के लापता होने के एक दिन बाद उसके भाई ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें तीन लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया गया था. लेकिन जब उसका शव मिला, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. लड़की के शव पर गहरे जख्म थे, उसका गला रेत दिया गया था, यहां तक कि हाथ-पैर तोड़े गए थे और नाक में रेत और गोंद भर दी गई थी. इस मामले में परिवार का आरोप है कि लड़की के साथ रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. एक परिजन शव के पास रोते हुए बार-बार यही कहता रहा, “बच्ची के साथ रेप हुआ है.” पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच के सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है. मिहीपुरवा की सर्कल ऑफिसर हर्षिता तिवारी ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है.