महाराष्ट्र : मुंबई के कुर्ला में BEST की बस ने कल रात कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। 49 घायलों का इलाज चल रहा है। इन्हें सायन और कुर्ला भाभा में भर्ती कराया गया है। हादसा कुर्ला पश्चिम रेलवे स्टेशन रोड पर अंबेडकर नगर में हुआ। बस कुर्ला स्टेशन से अंधेरी जा रही थी। BEST की इन बसों का संचालन बृहन्नमुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) करता है। बताया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर संजय मोरे सोमवार को पहली बार बस चला रहा था। वह 1 दिसंबर को ही कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर के रूप में BEST में शामिल हुआ था। यह माना जा रहा है कि उसने ब्रेक की जगह एक्सलरेटर दबा दिया था। इसी वजह से यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है। वह देर रात से हिरासत में था। शिवसेना विधायक दिलीप लांडे ने कहा, कुर्ला स्टेशन से निकली एक बस का ब्रेक फेल हो गया और ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। ड्राइवर घबरा गया और ब्रेक दबाने की बजाय उसने एक्सेलरेटर दबा दिया, जिससे बस की स्पीड बढ़ गई।
#Mumbai : मुंबई के कुर्ला में BEST बस ने करीब 30 लोगों को कुचला,गलती से दबा बस का एक्सेलरेटर, नियंत्रण खोने से 30-35 लोगों को रौंदा, 4 की मौत. #mumbai #latestnews #breakingnews #hindinews #accidentnews #ccctvfootage #goldenhindnews pic.twitter.com/OrcUNyE1Vr
— Golden Hind News (@GoldenHindNews) December 10, 2024
हादसे के वक्त मौजूद रहे चश्मदीद जैद अहमद ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन जाने के लिए अपने घर से निकल रहे थे। उन्होंने देखा बस तेजी से लहरा रही थी। जैद दौड़कर वहां पहुंचे और देखा कि बेस्ट की एक बस ने पैदल यात्रियों, ऑटो रिक्शा और तीन कारों समेत कई गाड़ियों को टक्कर मार दी थी। उन्होंने कुछ लाशें भी देखीं। इसके बाद उन्होंने ऑटो रिक्शा में सवार यात्रियों को बचाया और उन्हें भाभा अस्पताल ले गए। उनके दोस्तों ने भी घायलों को राहत पहुंचाने में मदद की।