खारुन की रेलिंग पर चढ़ी तेज रफ्तार बस:नदी में गिरने से बची, 20 से ज्यादा यात्री थे सवार

दुर्ग जिले की सीमा से लगे खारुन नदी पुल पर बड़ा हादसा टल गया। रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही तेज रफ्तार पायल बस अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पर जा चढ़ी। बस का अगला हिस्सा रेलिंग पर अटक गया। हादसे के समय बस में 20 से ज्यादा यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस रायपुर की ओर से दुर्ग जा रही थी। खारुन पुल पर पहुंचते ही चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से किनारे की ओर जाकर डिवाइडर से टकराई और उसका अगला हिस्सा रेलिंग पर चढ़ गया। बस रेलिंग तोड़कर नदी में गिरने से बच गई।

हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बस से बाहर निकलने में मदद की। बस पुल पर फंसने के कारण रायपुर-दुर्ग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबा जाम लग गया। इस मार्ग से रोजाना करीब डेढ़ लाख वाहनों की आवाजाही होती है।

हादसा दुर्ग और रायपुर जिले की सीमा पर हुआ है। इसके चलते दोनों जिलों की पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रही है। घटना के बाद शुक्रवार शाम तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही हादसे के कारणों की जांच शुरू होने की जानकारी सामने आई।