रायपुर में 12 साल बाद डूबा महादेवघाट पुल, दुर्ग में 55 लोगों का रेस्क्यू, धमतरी में कार बही

छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के बाद अब बारिश थम गई है। रायपुर समेत कई हिस्सों में जलभराव है। महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है और कई नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2, भाटागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह BSUP कॉलोनी में पानी भरने की खबर है। कई जगह सड़कें डूबने से वाहन फंस गए हैं और सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाई भी काटी गई है।

दुर्ग में जलभराव के बीच 55 लोगों का रेस्क्यू किया गया। बस्तर, जगदलपुर, गरियाबंद, कांकेर, बालोद और बिलासपुर के निचले इलाकों में भी पानी घरों तक पहुंचा है।

बारिश और जलभराव के चलते प्रदेश के स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है। गंगरेल डैम से 14 गेट के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, कई रास्ते बंद होने के साथ 6 ट्रेनें और एक फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में फिर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की भी संभावना है।