70 लाख कैश, 48 महंगी घड़ियां, 3 करोड़ की… ADM के घर मिला खजाना, रजिस्ट्रार पत्नी का भी खुला राज
बिहार की राजधानी पटना में निगरानी की रेड में बड़ा खुलासा हुआ. ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर के घर से करीब 70 लाख रुपये कैश मिलने की बात सामने आई. 48 महंगी घड़ियां भी मिली हैं. सोने-चांदी के जेवरात और जमीन के कागजात भी मिले हैं. निगरानी के दस्तावेज में ADM और उनकी सब रजिस्ट्रार पत्नी कुमारी स्वीटी के नाम करीब 2.92 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है. मामला आय से अधिक संपत्ति का है. निगरानी टीम दोनों के ठिकानों पर जांच कर रही है.
यह रेड रूपसपुर थाना क्षेत्र के कश्यप ग्रीन सिटी स्थित आवास पर हुई. निगरानी विभाग की यह कार्रवाई कांड संख्या 113/26 के तहत की जा रही है. टीम ने ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के आवास समेत उनसे जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई. इसके अलावा करीब 48 महंगी घड़ियां भी मिली हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है. सोने और चांदी के जेवरात के साथ जमीन और फ्लैट से जुड़े कागजात भी जांच टीम के हाथ लगे हैं.
निगरानी विभाग से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, जांच अवधि में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर अर्जित अचल संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 92 लाख 85 हजार 900 रुपये दर्ज है. इसमें दानापुर के कश्यप ग्रीन होम्स में पत्नी कुमारी स्वीटी के नाम फ्लैट संख्या 402 की कीमत करीब 49.34 लाख रुपये और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम फ्लैट संख्या 401 की कीमत करीब 45.68 लाख रुपये बताई गई है.
इसके अलावा फुलवारीशरीफ में दोनों के नाम करीब 3.9-3.9 डिसमिल जमीन दर्ज है. दस्तावेज में दोनों जमीनों की कीमत करीब 51.73-51.73 लाख रुपये बताई गई है. बलिया में 20 डिसमिल जमीन की कीमत 23.77 लाख रुपये और फुलवारीशरीफ में रविंद्र कुमार दिवाकर के पिता के नाम दर्ज 3.9 डिसमिल जमीन की कीमत 44.19 लाख रुपये बताई गई है. बेगूसराय में 4 डिसमिल जमीन भी दस्तावेज में शामिल है, जिसकी कीमत 26.40 लाख रुपये द
जानकारी के मुताबिक रविंद्र कुमार दिवाकर ने साल 2000 में शिक्षक के रूप में नौकरी शुरू की थी. 2009 में वह सारण में DPRO रहे. इसके बाद कटिहार में SDC, दरभंगा में SDC, सहरसा में PGRO और समस्तीपुर में SDM के पद पर भी रहे. साल 2023 में गया में SDC और 2024 में पटना में SDC के पद पर काम किया. अक्टूबर 2025 से वह पटना में ADM सप्लाई के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं. वहीं उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब रजिस्ट्रार हैं. उन्होंने तेघड़ा, हवेली खड़गपुर और सकरा में भी सब रजिस्ट्रार के तौर पर काम किया. वर्ष 2024 से वह दानापुर में सब रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं.
