कोरबा में ईद उल अजहा की उत्साह.. मस्जिदों में नमाज अदा कर मांगी अमन की दुआ

छत्तीसगढ़ : कोरबा जिले में आज शनिवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर की कई मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज का सिलसिला शुरू हुआ। मरकजी ईदगाह, जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद, मस्जिद गरीब नवाज समेत शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।मुस्लिम समुदाय ने देश की तरक्की, शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी। इस अवसर पर हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल की याद में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। धार्मिक गुरुओं ने बताया कि कुर्बानी का यह त्योहार त्याग और बलिदान की भावना का प्रतीक है।
नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान भी गए, जहां उन्होंने अपने दिवंगत परिजनों के लिए फातिहा पढ़ी और दुआ मांगी। त्योहार पर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद का विशेष ध्यान रखा गया। सुरक्षा की दृष्टि से हेलीपैड स्थित ईदगाह सहित सभी प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।नमाज के बाद पैगंबर हजरत इब्राहिम और पैगंबर हजरत इस्माइल की असीम कुर्बानी को याद करते हुए बकरों की कुर्बानी दी गई। कुर्बानी पर्व बकरीद पैगंबर हजरत इब्राहिम व पैगंबर हजरत इस्माइल की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है।