पाकिस्तान की शर्मनाक हार पर अफगानिस्तान में मना जश्न, सड़कों पर लोगों ने किया डांस
भारत के खिलाफ हार पाकिस्तान की हुई लेकिन झूम पूरा अफगानिस्तान गया. 15 फरवरी को टीम इंडिया ने पड़ोसियों को एक बार फिर दिखा दिया कि मैदान चाहे कोई भी हो उनका भारत के खिलाफ जीतना नामुमकिन है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने पाक टीम के छक्के छुड़ाकर 61 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जिसके बाद अफगानिस्तान में जश्न के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं.
अफगानिस्तान की मॉडल और इन्फ़्लुएनसर वाजमा आयूबी को अक्सर क्रिकेट मुकाबलों में देखा जाता है. अपने देश के बाद वह टीम इंडिया को सपोर्ट करती हैं. उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक वीडियो साझा किया है, जिसमें अफगानी लोग पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत का जश्न मना रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि वे सभी चीख रहे हैं, नाच रहे हैं और नारे लगा रहे हैं. जैसे मानो ये जीत भारत नहीं बल्कि अफगानिस्तान की ही हो.
