रेलवे की परीक्षा में मोबाइल से नकल..कैंडिडेट गिरफ्तार, अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले एक कैंडिडेट को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कैंडिडेट एग्जाम सेंटर में मोबाइल छिपाकर ले गया था और कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रहे प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। परीक्षा केंद्र में मौजूद पर्यवेक्षक (इनविजिलेटर) की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ी, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल जब्त कर लिया।
डीडी नगर पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
इसके बाद उस पर विशेष निगरानी रखी गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। वह कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें भी खींच रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके। पुलिस ने जब मोबाइल की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो परीक्षा में पूछे गए सवालों से मेल खाती थीं। मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और आरआरबी परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
