छतरपुर : ASI ने दिव्यांग से ली दो हजार रिश्वत, सस्पेंड, बैग खुलवाकर फरियादी से रुपए रखवाए
छतरपुर के सिविल लाइन थाने में पदस्थ ASI सीताराम का 2 हजार रुपए लेते हुए वीडियो मंगलवार रात को सामने आया है। फरियादी भवानीदीन प्रजापति ने यह वीडियो खुद मीडिया को दिया है। उनका आरोप है कि 22 हजार रुपए के लेन-देन से जुड़ा मामला सुलझने और राजीनामा होने के बाद भी पुलिसकर्मी उन्हें परेशान कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद एसपी रजत सकलेचा ने ASI सीताराम को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। भवानीदीन ने बताया कि वह एक आंख से दिव्यांग हैं। मामला निपटाने के लिए उनसे 5 हजार रुपए मांगे गए थे। परेशान होकर उन्होंने 2 हजार रुपए दिए। इसी दौरान वीडियो बना लिया। अब वह मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की बात कह रहे हैं।
सामने आए वीडियो में कथित तौर पर ASI सीताराम फरियादी का बैग खुलवाकर उसमें रुपए रखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाए जाने के दौरान पुलिसकर्मी को यह पूछते हुए भी सुना जा सकता है- ‘क्या रिकॉर्डिंग कर रहे हो?’
फरियादी का कहना है कि लेन-देन का मामला सुलझ चुका था और शिकायत वापस लेने के लिए आवेदन भी दिया जा चुका था। इसके बावजूद उसे बेवजह परेशान किया गया और रुपए देने पड़े।
भवानीदीन का कहना है कि वह वीडियो के आधार पर संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
वीडियो और रिश्वत के आरोपों को लेकर ASI सीताराम या पुलिस विभाग के अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष अब तक सामने नहीं आया है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना और लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित अधिकारियों के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
