दिल्ली में दिन दहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, लाहौरी गेट इलाके में 4 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
दिल्ली में एक हैरान करने वाली घटना सामने आ रही है. लाहौरी गेट इलाके में एक दफ्तर से 2.30 करोड़ रुपये लूटने का मामला सामने आया है. चार बदमाशों ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को डराया और अलमारी में रखी नकदी बैग में भरकर फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में बैठकर भाग निकले. यह घटना बुधवार, 28 अक्टूबर की बताई जा रही है. वारदात की सूचना मिलने के बाद लाहौरी गेट थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं. ये टीमें घटनास्थल और आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं. पुलिस वारदात से लेकर फरार होने तक आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढके थे. ऐसे में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की उम्मीद जताई है.
