छत्तीसगढ़ में साय सरकार ने दिवाली पर कर्मचारियों को दिया तोहफा, अब 50 फीसदी हुआ महंगाई भत्ता…

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (DA) 4% बढ़ा दिया है। इससे राज्य के 3 लाख से ज़्यादा कर्मचारियों को फायदा होगा। नया डीए 1 अक्टूबर से लागू होगा। इस बढ़ोतरी के बाद अब राज्य के कर्मचारियों को 50% डीए मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने यह घोषणा कैबिनेट की बैठक से पहले की। इस मीटिंग में धान-मक्का की खरीदी, राज्योत्सव और नक्सल नीति पर भी चर्चा होनी थी। राज्य सरकार जल्द ही धान खरीदी की तारीखों का ऐलान कर सकती है। इससे पहले, कैबिनेट की एक उप-समिति ने 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का प्रस्ताव दिया था। खाद्य मंत्री दयाल बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस साल 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए 1 नवंबर से ही धान खरीदी शुरू करने की मांग की है।