आज से शुरू हुई 12वीं छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षा, इस बार MCQ की संख्या बढ़ी
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ओर से आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएं आज 20 फरवरी से शुरू हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी परीक्षा की शुरुआत 12वीं कक्षा से हो रही है। नए पैटर्न के तहत एग्जाम 10 दिन पहले शुरू हुए हैं। नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद 10वीं और 12वीं के लिए नया ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है, जिसके आधार पर प्रश्नपत्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्र CBSE पैटर्न पर तैयार बहुविकल्पीय (MCQ) और अति लघु उत्तरीय प्रश्नों की संख्या बढ़ी है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस साल CBSE की तर्ज पर परीक्षा तिथि एक सप्ताह पहले निर्धारित की है। नए ब्लू प्रिंट के अनुसार, वस्तुनिष्ठ और अति लघु उत्तरीय प्रश्नों का प्रतिशत बढ़ाया गया है, जिससे छात्रों की अवधारणात्मक समझ का आकलन किया जा सके। 12वीं कक्षा की पहली परीक्षा भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय से शुरू हुई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केन्द्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मंडल ने नकल रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। सभी जिलों के कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं। जिला और विकासखंड स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया है। जिससे कि परीक्षा केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा सके।
इस साल 10वीं और 12वीं मिलाकर कुल 5,46,430 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं।
12वीं कक्षा के आंकड़े:
कुल पंजीकृत विद्यार्थी: 2,45,859
कुल स्कूल: 4,231
कुल परीक्षा केंद्र: 2,396
