मुख्यमंत्री साय बोले- नशे के कारोबार पर लगाम लगाए, सभी SP को सड़क-सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 अक्टूबर से 3 दिवसीय अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं। आज सोमवार को CM ने सभी जिलों पुलिस अधीक्षकों के कामों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे से अन्य अपराधों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए इस पर संगठित और निरंतर अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाई जाए और नशे के कारोबार में शामिल नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाए। साथ ही पिटएनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नशाखोरी के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर बल दिया और कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। कलेक्टर व एसपी की कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न अपराधिक मामलों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में अपराध के ग्राफ की जानकारी ली। सभी रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों व सभी जिलों के एसपी व अन्य राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में नवीन कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर दिशा निर्देश दिए। अपसरों ने बताया कि प्रदेश में नए अपराधिक कानूनों व उसके तय मापदंडों के अनुसार की कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिला और बालिका से जुड़े आपराधिक मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए। इन अपराधों से जुड़े मामलों में निर्धारित समयावधि में चालान प्रस्तुत कर पीडित पक्ष को न्याय दिलाया जाए।
समीक्षा के दौरान सीएम साय ने साइबर क्राइम के बढ़ते ग्राफ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा में साइबर क्राइम के तरीके रोज ही बदल रहे हैं। अपराधी नए नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सीएम साय ने अधिकारियों से कहा कि साइबर अपराध के तरीकों व इससे बचाव की जानकारी लोगों को दी जाए। अंतर्विभागीय समन्वय के साथ लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाने की विशेष पहल होनी चाहिए। साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर का व्यापक रूप से हो प्रचार-प्रसार होना चाहिए। इस दौरान सीएम साय ने कहा कि रेंज लेवल में 5 साइबर थाने संचालित हो रहे हैं आगामी दिनों में 9 थानों का संचालन किया जाएगा।