चीन में चेहरा किराए पर देकर लाखों की कमाई! AI के लिए फेस लाइसेंस कर रहे लोग

चीन में लोग अपने काम के अलावा एक्स्ट्रा पैसे कमाने के लिए अपना चेहरा किराए पर दे रहे हैं. इस काम से कुछ लोग लाखों रुपये तक की कमाई कर पा रहे हैं. हाल फिलहाल में चीन में इस ट्रेंड का क्रेज काफी बढ़ गया है. लोग अपना चेहरा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए इस्तेमाल करने की परमिशन दे रहे हैं, ताकि कंपनियां उनके चेहरे की मदद से विज्ञापन और दूसरे डिजिटल कंटेंट बना सकें.

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चीन के लोग अपना चेहरा लिस्ट कर देते हैं. इसके बाद अगर कोई प्रोडक्शन कंपनी उनका चेहरा इस्तेमाल करना चाहती है, तो AI की मदद से उन्हें एक डिजिटल एक्टर में बदल दिया जाता है. इसका इस्तेमाल विज्ञापन, वीडियो और गेमिंग जैसे कई कामों में किया जा सकता है. आइए जानते हैं कि आखिर ये पूरा सिस्टम कैसे काम करता है.

अगर कोई व्यक्ति अपना चेहरा किसी प्लेटफॉर्म पर देता है, तो उसे कम से कम 50 युआन यानी करीब 700 रुपये से लेकर 99,999 युआन यानी करीब 14 से 15 लाख रुपये तक मिल सकते हैं. हालांकि, कमाई इस बात पर निर्भर करती है कि चेहरा कितने समय और किस तरह के प्रोजेक्ट के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक बैंक कर्मचारी ने सिर्फ तीन दिनों में करीब 35,000 रुपये कमाए. एक AI एजेंसी ने उनके चेहरे को लाइसेंस करके इस्तेमाल किया था. यानी बिना कैमरे के सामने आए और बिना शूटिंग किए भी उनके चेहरे का इस्तेमाल डिजिटल कंटेंट बनाने में किया गया.

इस तरीके से पैसे कमाने के लिए सबसे पहले लोगों को अपना चेहरा प्लेटफॉर्म पर लिस्ट करना होता है. इंटरनेट पर ऐसे कई प्लेटफॉर्म हैं, जहां लोग अपनी फोटो अपलोड कर सकते हैं और अपनी पहचान वेरिफाई कर सकते हैं. इसके लिए Actid और Xinxhua जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है.

फोटो अपलोड करने और वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद यूजर अपने चेहरे के इस्तेमाल को लेकर कुछ रूल्स सेट कर सकता है. इसमें यह तय किया जा सकता है कि उसका चेहरा किस तरह के कंटेंट में इस्तेमाल होगा और इसके लिए कितने पैसे लिए जाएंगे. यानी यूजर अपनी शर्तों के हिसाब से अपने चेहरे को लाइसेंस कर सकता है.

रूल्स सेट होने के बाद AI जनरेशन का काम शुरू होता है. प्रोडक्शन कंपनी यूजर के चेहरे को जेंडर और स्टाइल के हिसाब से इस्तेमाल करती है और AI की मदद से वीडियो तैयार कर दिया जाता है. इसके लिए न तो बड़े स्टूडियो सेटअप की जरूरत होती है और न ही बड़े क्रू की.

इससे कंपनियों के लिए कंटेंट बनाना आसान और सस्ता हो जाता है. वहीं, चेहरा देने वाले लोगों के लिए भी बिना ज्यादा मेहनत के कमाई का एक नया तरीका बन जाता है.

चेहरा लाइसेंस करके लाखों रुपये कमाने का मौका सुनने में अच्छा लग सकता है, लेकिन इसमें प्राइवेसी का खतरा भी है. लीगल एक्सपर्ट्स का कहना है कि प्लेटफॉर्म के कॉन्ट्रैक्ट को ध्यान से पढ़ना जरूरी है. कई बार लोगों को यह पूरी तरह पता नहीं होता कि उनका चेहरा कहां और कितने समय तक इस्तेमाल किया जाएगा.

कुछ प्लेटफॉर्म पर अगर कोई व्यक्ति कॉन्ट्रैक्ट की अवधि खत्म होने से पहले अपना चेहरा हटाना चाहता है, तो उस पर भारी पेनल्टी भी लग सकती है.
यानी चेहरा किराए पर देकर कमाई करना आसान जरूर लग रहा है, लेकिन इससे पहले यह समझना जरूरी है कि आपका चेहरा कहां इस्तेमाल होगा, कितने समय तक इस्तेमाल होगा और आपके पास उसे हटाने का अधिकार कितना रहेगा.