‘बिग बॉस 19’ फेम तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत दर्ज, इन्फ्लुएंसर ने कहा- पैसे लेकर दिया धोखा, बॉयफ्रेंड को जेल भिजवाया

ग्वालियर की रहने वाली बिग बॉस फेम तान्या मित्तल के खिलाफ एसएसपी कार्यालय में शिकायत की गई है। मुंबई के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने तान्या मित्तल पर लोगों को पैसों के लिए धोखा देने का आरोप लगाया है। फैजान अंसारी का आरोप है कि तान्या मित्तल ने लोगों के साथ पैसों की धोखाधड़ी की और अपने बॉयफ्रेंड तक को जेल भिजवा दिया। फैजान ने यह भी दावा किया कि ‘बिग बॉस 19′ में तान्या मित्तल ने परिवार और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े ढेरों झूठ बोले हैं। अब उन्होंने तान्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। फैजान अंसारी ग्वालियर पहुंचे और तान्या मित्तल पर कई आरोप लगाए। फैजान ने कहा कि तान्या ने बिग बॉस के घर में अपनी अमीरी के फर्जी किस्से सुनाए। जब उनके दावों की पोल खुली और सच सामने आया तो पूरे देश के सामने उनका मजाक बना। फैजान ने यह भी कहा कि वह तान्या के खिलाफ अब कोर्ट जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बलराज सिंह को तान्या मित्तल का बॉयफ्रेंड बताया और कहा कि तान्या ने उनके साथ भी धोखाधड़ी की।
मालूम हो कि बलराज सिंह ने ही सबसे पहले वीडियो बनाकर तान्या का पर्दाफाश किया था, और उनके बारे में काफी सारे खुलासे किए थे। बलराज ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया था कि तान्या उन्हें डेट कर रही थीं। वह उनकी फैन थीं, पर फेक थीं। बलराज ने कहा था कि तान्या लोगों को बेइज्जत करती है। उसे जो चाहिए होता है, वो उसे पाकर रहती है।
तान्या मित्तल ग्वालियर की रहने वालीं सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर और यूट्यूबर हैं। तान्या ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आर्किटेक्चर की पढ़ाई की थी, पर बीच में ही छोड़कर वापस ग्वालियर लौट आईं। तान्या ने बताया था कि उनके घरवाले उन पर शादी के लिए दबाव बनाने लगे थे। इस कारण उन्होंने खुद को एक कमरे तक ही सीमित कर लिया था। फिर तान्या ने घरवालों से छुपकर कार्ड का बिजनेस शुरू किया और धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर आ गईं और ऑनलाइन बिजनेस करने लगीं।