पटना में काउंटिंग सेंटर पर बवाल, फाइल लेकर निकल रहे कर्मचारियों को लोगों ने पकड़ा

बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर आज मतगणना हो रही है. इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच तीखा मुकाबला है. चार राज्यों में बिहार की आठ, कर्नाटक की चार, महाराष्ट्र की पांच और उत्तर प्रदेश की 11 सीटों के नतीजे आज सामने आएंगे. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना हो रही है. इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.

कर्नाटक में विधान परिषद की 4 सीटें हैं. इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटे हैं. इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक सीटों में औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटें हैं. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.

MLC चुनाव की मतगणना के बीच अनंत सिंह के घर पर मिठाइयां बन रही हैं. अनंत सिंह के समर्थकों ने अभी से मिठाइयां बांटना शुरू कर दिया है. अनंत सिंह के समर्थकों का कहना है कि JDU ने उन्हें बाहर कर बहुत ही गलत फैसला लिया है. अनंत सिंह एमएलसी चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे थे. उनके समर्थकों ने दावा किया है कि चुनाव में अनंत सिंह समर्थित उम्मीदवार की ही होगी.

सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने आगरा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर पर जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जब उन्होंने मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने का मुद्दा उठाया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

उन्होंने कहा, ‘अगर कोई गड़बड़ी सामने आती है, उदाहरण के लिए, अगर फॉर्म 16 में मतदाताओं की एक निश्चित संख्या बताई गई है, लेकिन मतपेटी में 250 के बजाय 400 मतपत्र मिलते हैं तो तय प्रक्रिया के अनुसार ऐसे मतपत्रों को अलग रख दिया जाना चाहिए.’

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा, ‘चुनाव आयोग ने शिक्षकों के निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव तीन जगहों पर करवाया; अब और क्या कहा जाए? यह पूरा चुनाव एक ऐसा काला अध्याय है जो शिक्षकों की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाता है’.