छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ED की रेड, रायपुर में कारोबारी नितिन-डागा के घर पहुंची टीम, दुर्ग में भी दबिश की सूचना
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में हुई है। कारोबारी नितिन डागा के घर दो गाड़ियों में पहुंची टीम सुबह से ही अंदर डॉक्यूमेंट्स की जांच कर रही है। इसके अलावा दुर्ग जिले में भी ED की कार्रवाई की सूचना सामने आई है। हालांकि, दुर्ग में किस जगह टीम पहुंची है और किन लोगों से पूछताछ या जांच की जा रही है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। यह कार्रवाई भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में होने की आशंका है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में आज सुबह करीब 4 बजे ED ने नितिन डागा के घर छापेमारी की। दो गाड़ियों में पहुंचे आधा दर्जन अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन का कारोबार बताया जा रहा है।
फिलहाल ED की यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच का दायरा और कार्रवाई से जुड़े अन्य विवरण भी स्पष्ट नहीं हैं। मामले में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
