पहली बार तीन देश होस्ट करेंगे FIFA वर्ल्ड कप, अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको में 48 टीमों के बीच 104 मैच

23वां FIFA मेंस वर्ल्ड कप 11 जून से 20 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेला जाएगा। 96 साल के इतिहास में पहली बार तीन देश वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे हैं। ओपनिंग मैच 11 जून की रात 12.30 बजे को मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा। इसमें मेक्सिको और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे।

16 शहरों में 48 टीमों के बीच 104 मैच खेले जाएंगे। इन टीमों को 12 ग्रुप्स में बांटा गया है। हर ग्रुप में चार टीमें हैं। 16 की जगह 32 टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी। लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो सहित दुनिया के 1,248 फुटबॉलर्स वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे।

2002 में जापान और कोरिया ने पहली बार मिलकर FIFA वर्ल्ड कप होस्ट किया था। अब 3 देश अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको हैं। मेक्सिको पहला ऐसा देश है, जिसे तीन बार (1970, 1986 और 2026) मेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी का मौका मिला।
पहली बार 48 टीमें खेलेंगी। 1998 से अब तक केवल 32 देश इसमें हिस्सा लेते थे। 16 शहरों में 104 मैच होंगे (पहले 64 होते थे)। फाइनल में पहली बार हाफटाइम शो भी रखा जाएगा।

48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में 4-4 टीमें हैं। ग्रुप स्टेज में हर टीम तीन मैच खेलेगी। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सीधे नॉकआउट दौर में पहुंचेंगी यानी 24 टीमें।
हर ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली 12 टीमों में बेस्ट 8 को भी अगले दौर में जगह मिलेगी। इस तरह 32 टीमें नॉकआउट में एंट्री करेंगी।
नॉकआउट में 32 टीमों के मैच के बाद 16 टीमें बचेंगी, इनके मुकाबले के बाद 8 टीमें क्वार्टर फाइनल खेलेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे।
इस नए फॉर्मेट के तहत टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो इसे FIFA इतिहास का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप बनाता है।

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को ग्रुप जे में रखा गया है। स्पेन ग्रुप एच में है, फ्रांस ग्रुप आई में, जर्मनी ग्रुप ई में, पुर्तगाल ग्रुप के में और इंग्लैंड ग्रुप एल में है। ग्रुप एच, आई, जे, के और एल को ग्रुप ऑफ डेथ माना जा रहा है, क्योंकि इनमें मजबूत टीमें हैं। स्पेन के ग्रुप में उरुग्वे और सऊदी अरब जैसी टीमें हैं, जिन्होंने पिछले वर्ल्ड कप में कई उलटफेर किए थे। फ्रांस के ग्रुप में सेनेगल और नॉर्वे जैसी मजबूत टीमें हैं।

FIFA के अनुसार टूर्नामेंट के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन हैं, जिनकी उम्र 43 साल 162 दिन है। सबसे युवा खिलाड़ी मेक्सिको के गिल्बर्टो मोरा हैं, उनकी उम्र 17 साल 240 दिन है। दोनों के बीच 25 साल से ज्यादा का अंतर है। इस वर्ल्ड कप में 20 साल से कम उम्र के 22 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 40 साल या उससे ज्यादा उम्र के 7 खिलाड़ी भी मैदान पर नजर आ सकते हैं।

वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने वाली 48 टीमों के बीच 5,600 करोड़ रुपए से ज्यादा (USD 655 मिलियन) की पुरस्कार राशि बांटी जाएगी, जो पिछले वर्ल्डकप की तुलना में 50% ज्यादा है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को करीब 429 करोड़ रुपए (USD 50 मिलियन) मिलेंगे, जबकि उपविजेता को लगभग 283 करोड़ रुपए (USD 33 मिलियन) की राशि दी जाएगी। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को करीब 249 करोड़ रुपए और चौथे स्थान की टीम को लगभग 232 करोड़ रुपए मिलेंगे।

FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में ब्राजील सबसे सफल टीम है। ब्राजील ने रिकॉर्ड पांच बार (1958, 1962, 1970, 1994 और 2002) वर्ल्ड कप का खिताब जीता। जर्मनी और इटली ने चार-चार बार ट्रॉफी अपने नाम की। अर्जेंटीना तीन बार (1978, 1986 और 2022) चैंपियन बना।