क्रिकेटर कुलदीप की शादी का जश्न मसूरी में शुरू, युजवेंद्र चहल ने लगाए ठुमके, रिंकू स‍िंह भी पहुंचे

भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव का शादी का जश्न शुरू हो गया है. कुलदीप इस समय उत्तराखंड के मसूरी में हैं, जहां उनका वंश‍िका संग शादी का जश्न शुरू हो गया है. गुरुवार को वह राजधानी देहरादून पहुंचे थे. कुलदीप यादव 14 मार्च को अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे. शादी की सभी रस्में मसूरी में आयोजित की जा रही हैं. 14 मार्च को मसूरी के प्रतिष्ठित होटल सवोय (Hotel Savoy) में शादी समारोह आयोजित हो रहा है.

कुलदीप की शादी से पहले उनके शादी के जश्न की तस्वीरें सोशल मीड‍िया पर सामने आई हैं. जहां वो अपनी होने वाली दुल्हन वंश‍िका संग डांस करते हुए नजर आए. वहीं कुलदीप के खास दोस्त युजवेंद्र चहल ने भी ठुमके लगाए. मेहमानों की सुविधा के लिए होटल के करीब 80 कमरे बुक किए गए हैं. होटल परिसर के अंदर ही भव्य मंडप तैयार किया गया है, जबकि संगीत समारोह के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है.

उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी मे टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी की धूम मची है, वहीं शादी का जश्न शुरू हो गया है, इस भव्य समारोह में क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़े दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. शुक्रवार सुबह भारतीय टीम के युजवेंद्र चहल,रिंकू सिंह,और कोच टी द‍िलीप उत्तराखंड पहुंचे. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भी शाम तक समारोह में शामिल होने की संभावना है और भी बड़े सितारे इस वेडिंग में शामिल होंगे.

आज (शुक्रवार) शाम 6 बजे कॉकटेल पार्टी का आयोजन किया जाएगा. वहीं 14 मार्च को मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा, जानकारी के अनुसार कुलदीप घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकलेंगे और पवित्र अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेंगे. शादी की अन्य रस्में देर रात तक चलेंगी…

शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी. यह कार्यक्रम होटल सेंट्रम में होगा, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और व्यापार जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है…उधर मसूरी की वादियों में होने जा रही यह शाही शादी इन दिनों चर्चा में है और इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है