CG : रतनपुर में तालाब से निकला 8 फीट का मगरमच्छ, जाल में फंसते ही देखने उमड़ी भीड़

रतनपुर : तालाबों की नगरी रतनपुर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आठा बीसा तालाब में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों के जाल में एक बड़ा मगरमच्छ फंस गया। मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ मछुआरे रोज की तरह तालाब में जाल डालकर मछली निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका जाल असामान्य रूप से भारी हो गया। जब मछुआरों ने जाल को खींचकर बाहर निकाला तो उसमें एक विशाल मगरमच्छ फंसा हुआ नजर आया। मगरमच्छ की लंबाई करीब 7 से 8 फीट बताई जा रही है।

अचानक मगरमच्छ को देखकर मछुआरे और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। मगरमच्छ मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गई और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग तालाब के किनारे पहुंच गए। भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर मगरमच्छ को अपने कब्जे में लिया। वन अमले ने सुरक्षा के साथ मगरमच्छ को जाल से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके स्वास्थ्य की जांच की जाएगी और बाद में उसे उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।