देहरादून-बंगलुरू इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पक्षी से टकराई, फ्लाइट 53 मिनट तक हवा में रही
देहरादून से बंगलुरू जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की वापस देहरादून एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 53 मिनट तक हवा में ही रही। विमान में सवार सभी 170 यात्री की जान बाल-बाल बची हैं। देहरादून एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम करीब 6:05 पर इंडिगो की विमान बंगलूरू के लिए उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि उड़ान के कुछ देर बाद ही फ्लाइट के बाएं इंजन से पक्षी टकरा गया, जिससे विमान के इंजन में जोर की आवाज आने लगी। पायलट काफी देर तक एयरपोर्ट से दूर जाकर आसमान में गोल-गोल चक्कर लगाता रहा। करीब एक घंटे बाद फ्लाइट को सुरक्षित देहरादून एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस घटना के बाद इंडिगो की शाम 5:55 बजे दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पर आने वाली उड़ान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। वहीं इंडिगो की एक अन्य मुंबई से आने वाले उड़ान को भी दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। इस उड़ान को शाम 6:20 बजे एयरपोर्ट पहुंचना था। बर्ड हिट के कारण वापस लौटी फ्लाइट के यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। शाम करीब 8:50 बजे दिल्ली से इंडिगो की एक अन्य उड़ान देहरादून एयरपोर्ट पहुंची, जिसमें देर रात सवार होकर यात्री बंगलूरू के लिए रवाना हुए।
बर्ड हिट का शिकार हुए फ्लाइट के यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने और अन्य डायवर्ट की गई फ्लाइट के इंतजार में देहरादून एयरपोर्ट देर रात तक खुला रहा। जबकि सामान्य दिनों में एयर पोर्ट की आखिरी उड़ान साढ़े सात बजे के करीब होती है।
