दिल्ली का AQI 800, उत्तराखंड के 4 धामों में बर्फबारी, यूपी के 21 जिलों में कोहरा

दिल्ली में सोमवार सुबह 7:31 बजे AQI 800 दर्ज किया गया। AQI.in के मुताबिक, अमेरिकी AQI स्केल पर हवा की गुणवत्ता ‘हैजार्डस’ यानी खतरनाक श्रेणी में रही। इस दौरान राजधानी में धुंध छाई रही और तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार देर रात बर्फबारी हुई, इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हुई थी। इससे सोमवार को मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से यूपी में ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। नोएडा-गाजियाबाद समेत 10 शहरों का AQI 200 के पार रहा।

राजस्थान में दो दिन हुई बारिश ने सोमवार को सर्दी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन मंगलवार शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। IMD के मुताबिक, इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।