बड़ी खबर : दिल्ली में कभी भी आ सकती है बाढ़ , खतरे के निशान के पार पहुंचा यमुना का जलस्तर

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है जिससे अब बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अब 204.88 मीटर पर पहुंच गया है जो कि खतरे के निशान से 0.38 मीटर अधिक हो गया है। इससे पहले दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल के पास बुधवार शाम चार बजे 204.13 मीटर के निशान तक पहुंच गया था। अधिकारियों के मुताबिक यमुना के जलस्तर में वृद्धि संभवतः हरियाणा और उत्तराखंड के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा और हथिनीकुंड बैराज से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हुई है। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि का प्रमुख कारण हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी है।
हथनी कुंड बैराज से 31827 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, वजीराबाद बैराज से 42440 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। जबकि, ओखला बैराज से 41527 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अब थोड़ा भी अधिक जलस्तर बढ़ता है तो दिल्ली के निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुस सकता है।