दिल्ली : मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद गिरा मकान, 6 लोग घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर बिल्डिंग गिरने से कई लोग मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। इस हादसे में 6 लोग घायल हैं, जिन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर इलाके में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक मंजिला मकान गिरने से हड़कंप मच गया। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि मुकुंदपुर इलाके में LPG सिलेंडर फटने के बाद एक मंजिला मकान ढह गया है। सूचना के बाद तुरंत ही टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया। भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे जोरदार धमाके के बाद एक इमारत भरभरा कर गिर गई। धमाका इतना तेज था कि पूरा इमारत देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में छह लोग घायल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में छह लोग घायल हुए हैं। उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में अभी जानकारी नहीं है और डॉक्टरों की ओर से मेडिकल परीक्षण के बाद ही पता चलेगा। पुलिस के अनुसार, जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वहां बर्तन पॉलिश करने का काम भी किया जाता था। आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही हैं।
इसके पहले दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक बहुमंजिला बिल्डिंग गिर गई थी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी, वहीं कई लोग घायल हुए थे। मृतकों की पहचान रवि (24), कपिल (28), नलिन राय (23), आलोक, पार्वती (35) और एकता (24) के रूप में हुई है। घायलों में क्षितिज प्रताप (25), नीलम यादव (25), अनुज दीक्षित (22), तरुण (25), साइका खान (27), आस्था (26), आदित्य शर्मा (24) और विशाल (25) के रूप में हुई थी।
