मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद बदमाशों ने पत्नी को किया फ़ोन.. “तेरे पति को मार दिया है, लाश उठा ले जा”
मेरठ : बुलंदशहर-मेरठ हाईवे की सर्विस रोड पर कैली अंडरपास के पास स्कॉर्पियो सवार प्राॅपर्टी डीलर युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई. प्राॅपर्टी डीलर का शव उसकी कार में ही मिला. युवक को तीन गोलियां मारी गई थीं. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने फाॅरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. युवक की पत्नी ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं.
बताया गया कि प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी (23) सोमवार रात अपनी स्कॉर्पियो कार से कहीं गए थे. रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया और जंगल में लेकर गोली मारी दी. एक गोली माथे और दूसरी गले पर लगी है. गोली गले से आरपार हो गई थी. हत्या के बाद एक बदमाश ने तुषार की पत्नी को फोन करके बताया कि “मैंने तेरे पति को गोली मार दी है, उसकी डेडबॉडी कार में पड़ी है, जाकर उठा ले. तुषार का 4 जून को 24वां जन्मदिन था.
तुषार त्यागी की बहन मोना ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 8 बजे तुषार के पास किसी का फोन आया था. उसने कहा कि उसे भूख लगी है. भाई घर से खाना लेकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से निकल गया. इसके ठीक एक घंटे बाद रात करीब 9 बजे तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को फोन किया. तुषार की आवाज में दहशत थी, उसने कहा ”किसी ने मेरी फील्डिंग लगा दी है. बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी और उसके साथी मुझे किडनैप करके जंगल की तरफ ले जा रहे हैं. ये लोग मुझे मार डालेंगे.” इसके तुरंत बाद तुषार का फोन बंद हो गया. घबराए परिजन गांव के एक लड़के कृष को साथ लेकर जंगलों में तुषार को ढूंढने निकले, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला.
परिजन निराश होकर रात करीब 10 बजे घर लौटे ही थे. इसी दौरान कृष के फोन पर एक कॉल आई. फोन करने वाले ने कहा, “मैं अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी बोल रहा हूं, शिखा (तुषार की पत्नी) से बात कराओ. जब शिखा फोन पर आई तो आरोपी ने कहा कि उसने तुषार को गोली मार दी है. उसकी लाश हापुड़ मार्ग पर पांची अंडरपास के पास कार में पड़ी है. वहां से जाकर उठा ले. इसके बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया.
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचे. पांची अंडरपास के पास खड़ी स्कॉर्पियो की ड्राइवर सीट पर तुषार का शव खून से लथपथ पड़ा था. उसका सिर स्टीयरिंग व्हील पर झुका हुआ था. परिजन आनन-फानन उसे पास के एनसीआर मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. तुषार की शादी 2 साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं. तुषार की पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या के पीछे की बड़ी वजह का खुलासा किया है. उसने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही तरुण त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी से तुषार का किसी बात को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. उस विवाद में तरुण त्यागी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर तुषार को जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद मुख्य आरोपी बिट्टू त्यागी (अरविंद) ने दोनों पक्षों को अपने घर बुलाकर समझौता कराया था, लेकिन अंदर ही अंदर दुश्मनी की साजिश रची जा रही थी.
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि तुषार की बहन की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी. युवक को अस्पताल भिजवाया गया था, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. पत्नी की तहरीर के आधार पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपियों और बाकी बचे अपराधियों को दबोचने के लिए पुलिस की 4 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
