DGCA ने बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की दी मंजूरी, CM ने कहा- हर मौसम में उड़ान से कनेक्टिविटी बढ़ेगी
छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारतीय नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C‑VFR से अपग्रेड कर 3C‑All Weather Operations (IFR) श्रेणी में स्वीकृति प्रदान की है. इस फैसले के बाद अब बिलासपुर में हर मौसम में हवाई संचालन संभव होगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को राज्य के लिए दूरगामी और विकासोन्मुख कदम बताया है. इस सौगात की जानकारी सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई श्रेणीकरण सुविधा से बिलासपुर एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन सालभर सुचारू रूप से किया जा सकेगा. इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक हवाई सेवाएँ मिलेंगी. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की यह उन्नत क्षमता पूरे संभाग में आवागमन को नए आयाम देगी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा से बिलासपुर और आसपास के जिलों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों में तेजी आएगी. बेहतर हवाई सुविधा से औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न होंगे. उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की रीढ़ होती है. मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढाँचे का विस्तार तेज गति से हो रहा है, जिससे राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है.
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह उपलब्धि न सिर्फ बिलासपुर एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाएगी, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा प्रदान करेगी. उनके अनुसार, यह बदलाव राज्य की राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर स्थिति को और अधिक सशक्त करेगा..
