पीएम मोदी थोड़ी देर में करेंगे डिबेट की शुरुआत, वंदे मातरम् पर लोकसभा में 10 घंटे चलेगी चर्चा

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है. सदन में बिलों पर चर्चाएं जारी हैं. इस बीच SIR, BLO की मौतों का मुद्दा, इंडिगो संकट और प्रदूषण का मुद्दा हावी रहा. अब सोमवार से संसद में वंदे मातरम् पर चर्चा होनी है. पीएम मोदी सदन में चर्चा की शुरुआत करेंगे तो वहीं राज्यसभा में अमित शाह इस मुद्दे पर बोलेंगे. इस चर्चा के दौरान संसद सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं.

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर लोकसभा में होने वाली विशेष चर्चा को लेकर भाजपा की राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने खुशी जताई है. उन्होंने कहा, “मैं इसमें हिस्सा ले रही हूं और मुझे इसकी बहुत प्रसन्नता है. यह सिर्फ़ एक गीत नहीं है; यह लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना जगाता है. यह गीत 150 साल पहले रचा गया था, स्वतंत्रता से पहले का है, इसलिए इस गीत ने सबको एकजुट किया था.”सुधा मूर्ति का यह बयान उस समय आया है जब वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर संसद में हो रही चर्चा को लेकर विपक्षी दलों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा- वंदे मातरम् सिर्फ़ एक गीत नहीं, बल्कि वह क्रांतिकारी आह्वान है जिसने अंग्रेजी हुकूमत, गुलामी और आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष में करोड़ों भारतीयों को एकजुट किया था.”साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए शहजाद ने कहा, “देश देखना चाहेगा कि अगर राहुल गांधी इस चर्चा में हिस्सा ले रहे हैं तो क्या वे सबसे पहले अपने परिवार द्वारा इस गीत के साथ किए गए अपराध के लिए देश से माफी मांगेंगे? पीएम नेहरू इस गीत के विरोधी थे. तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति को तरजीह देते हुए उन्होंने इसके खिलाफ अभियान चलाया और कहा कि इसमें सांप्रदायिक रंग है। कांग्रेस आज भी यही तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति करती है, जहाँ वे वोट के लिए राष्ट्रीय अस्मिता पर हमला करते हैं। पहले इन्होंने CWC की बैठक में वंदे मातरम को बाँटा, फिर देश को बाँटा, और अब जाति के नाम पर देश को बाँट रहे हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed