7 दिन तक रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’ फिर उड़ा ले गए महिला के 1, 4 करोड़ रुपए
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड महिला प्रोफेसर को निशाना बनाते हुए उनसे 1.04 करोड़ रुपये की ठगी की. ठगों ने महिला को टेरर फंडिंग केस में फंसाने और पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी देकर करीब 7 दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा. मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया है. इस दौरान महिला मानसिक तनाव का भी शिकार हो गई. जानकारी के अनुसार, ठगों ने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर महिला को फोन किया और कहा कि उनके नाम से अवैध लेनदेन हुआ है. इसके बाद उन्हें डराने के लिए सुप्रीम कोर्ट और ईडी के फर्जी नोटिस भी भेजे गए. ठगों ने महिला को लगातार निगरानी में रखा और किसी से बात न करने की हिदायत दी. डर और दबाव में आकर महिला ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग चार बैंक खातों में कुल 1.04 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए. इस दौरान महिला मानसिक तनाव में रही और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी.
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला का बेटा घर पहुंचा और मां की स्थिति को देखते हुए पूछताछ की. पूरी बात सामने आने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. घटना की शिकायत रेंज साइबर थाना में दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है.
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, नोटिस या जांच एजेंसी के नाम पर आने वाले संदेशों से सावधान रहें. साथ ही किसी भी प्रकार के दबाव या डर में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें.
