पूर्व पंचायत सचिव की जलकर मौत, परिजनों ने माना हादसा, कमरे में लगी थी आग

सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने का मामला सामने आया है. जहां एक 55 साल के पंचायत सचिव की अपने ही घर में जिंदा जलकर मौत हो गई. जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर इलाके के मोहरसोप चौकी क्षेत्र स्थित उमझर गांव निवासी ईश्वर सिंह आयाम पूर्व सचिव थे. बुधवार सुबह ईश्वर सिंह अपनी नातिन को घुमाने लेकर गए हुए थे. घुमाने के बाद जब वो वापस लौटे तो अपने कमरे में चले गए.उनके कमरे में पुआल (घास की गठरी) रखी हुई थी. इसी दौरान कुछ देर बाद उनके कमरे से तेज आग की लपटें उठी.जिसमें झुलसकर उन्होंने दम तोड़ दिया.

इस घटना को लेकर पुलिस ने कहा कि परिजनों के अनुसार मृतक पंचायत सचिव शराब पीने के आदी थे. वो बीड़ी सिगरेट भी पीते थे. इसलिए आशंका जताई जा रही है कि घटना के दौरान भी मृतक शराब पिए हुए रहे होंगे.जब वो अपने कमरे में सोने के लिए गए तो पैर के नीचे जो पैरा रखा था,वहां बीड़ी खत्म होने के बाद उसका बचा हुआ हिस्सा फेंका होगा.पैरा में बीड़ी की चिंगारी से आग लगी होगी.

पुलिस के मुताबिक जिस समय हादसा हुआ उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था मृतक की पत्नी पानी लेने गई हुई थी. बहू दूसरे घर में खाना बना रही थी. घटना सुबह सात बजे की बताई जा रही है, बहरहाल इस मामले में पुलिस के अनुसार परिजनों ने किसी भी प्रकार की कोई शंका जाहिर नहीं की है. लेकिन इस घटना ने जहां भीषण गर्मी में लापरवाही बरतने पर हुए दर्दनाक घटना को दर्शाया है,वहीं दूरस्थ इलाकों में आगजनी होने पर सुरक्षा के उपायों पर भी सवाल खड़े किए हैं.