NEET केस में लातूर की केमिस्ट्री कोचिंग का डायरेक्टर गिरफ्तार, 3 दिन पहले पूछताछ हुई, CBI ने सेंटर पर छापेमारी की
NEET पेपर लीक केस में सोमवार को 10वीं गिरफ्तारी हुई है। CBI ने महाराष्ट्र के लातूर से शिवराज मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया। 15 मई को मोटेगांवकर से उसके घर पर 8 घंटे पूछताछ हुई थी। मोटेगांवकर का लातूर समेत 7 जिलों में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) नाम का कोचिंग सेंटर है। रविवार को CBI ने RCC के मेन पर ऑफिस पर छापा मारकर कई डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रोनिक सामान जब्त किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोचिंग सेंटर का ₹100 करोड़ का टर्नओवर है। CBI को शक है कि सेंटर में NEET कैंडिडेट्स को लीक पेपर के सवाल उपलब्ध कराए गए। साथ ही लातूर के कई डॉक्टरों ने लीक पेपर खरीदा।
NEET-UG पेपर लीक मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से 5 महाराष्ट्र से हैं, इनमें 2 महिलाएं हैं।
राहुल गांधी ने रविवार को X पोस्ट में लिखा था- NEET 2024 का पेपर लीक हुआ था, परीक्षा रद्द नहीं हुई। मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। CBI ने जांच बैठाई। एक कमेटी बनी। NEET 2026 का पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद्द हुई। मंत्री ने फिर इस्तीफा नहीं दिया। CBI फिर जांच कर रही है। एक और कमेटी बनेगी। मोदी जी, देश आपसे कुछ सवाल पूछ रहा है- जवाब दो, बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? बार-बार इस परीक्षा पे चर्चा पर आप चुप क्यों हैं? बार-बार फेल हो रहे शिक्षा मंत्री को आप बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं?
केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 4 अधिकारियों की नियुक्ति की। IRS अधिकारी आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया।
अनुजा बापट और रुचिता विज को भी NTA में जॉइंट सेक्रेटरी बनाया गया। दोनों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच साल या अगले आदेश तक रहेगा।
CBI का दावा है कि मंधारे NTA की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा थीं। उसकी गिरफ्तारी 14 मई को हुई थी। वह जानती थीं कि एग्जाम में कौन से सवाल आएंगे। उसने एग्जाम से पहले पुणे में स्पेशल कोचिंग क्लास चलाई। वहां छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के सवाल नोट करवाए थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि मंधारे ने पुणे से गिरफ्तार ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे के जरिए NEET देने वाले स्टूडेंट्स को अपने कोचिंग में एडमिशन दिलाया था। मनीषा मंधारे और मनीषा वाघमारे ने छात्रों और उनके पेरेंट्स से लीक पेपर देने के बदले लाखों रुपए लिए।
