अवैध खनन प्वाइंट पर एसडीएम के वाहन को मारी टक्कर, बिलासपुर में बाल-बाल बचे एसडीएम व कर्मचारी

उत्तराखंड के बिलासपुर से सटे इलाके में अवैध खनन की चैकिंग के दौरान एक खनन भरे ओवरलोड ट्रक ने एसडीएम के सरकारी वाहन को पीछे से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी चालक मय वाहन के मौके से फरार हो गया। गनीमत यह रही कि उस समय वाहन में कोई सवार नहीं था। शनिवार शाम लेखपाल रवि राणा ने इस घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। यह घटना बीते शुक्रवार देर शाम की बताई गई है। उप जिलाधिकारी अरुण कुमार राजस्व टीम के साथ उत्तराखंड के सीमावर्ती गांव दिबदिबा में एक होटल के नजदीक स्थित खनन चैक प्वाइंट पर चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान एसडीएम की सरकारी जिप्सी सड़क किनारे खड़ी थी।

तभी वहां से गुजरे अवैध खनन से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने एसडीएम की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और किच्छा की तरफ फरार हो गया। इससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से उस समय वाहन में चालक सहित कोई अधिकारी या कर्मचारी सवार नहीं था, जिस कारण कोई जनहानि होने से बच गई।

शनिवार को लेखपाल रवि राणा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी अधिकारी को चोट पहुंचाने के उद्देश्य से यह घटना जानबूझकर कारित की गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक का नाम शिवम शर्मा ज्ञात हुआ है, जिसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की विवेचना रुद्र-बिलास चौकी इंचार्ज योगेश कुमार को सौंपी गई है।

उप जिलाधिकारी अरुण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन सहित किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई है और केवल उनका सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस को उचित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।