‘दिवाली खुशियों की ईद…’, खरगे के बयान पर सियासी बवाल, बीजेपी ने कांग्रेस को बताया सनातन विरोधी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ कहे जाने के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी ने खरगे की कड़ी आलोचना करते हुए उन पर वोट-बैंक की तुष्टीकरण की राजनीति करने और ‘सनातन-विरोधी’ मानसिकता दिखाने का आरोप लगाया है. इस विवाद ने कांग्रेस और बीजेपी के बीच एक नई तकरार को जन्म दे दिया है, जिसमें सत्ताधारी दल ने त्योहार पर किए गए बयान को लेकर कांग्रेस प्रमुख को निशाना बनाया है.
दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिवाली के मौके पर मीडिया के साथ बातचीत में कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है. उन्होंने यह बयान दिवाली की बधाई देते हुए दिया. मीडिया से बात करते हुए खरगे ने कहा, “मैं सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं. यह बहुत बड़ा त्योहार है, जिसको हिंदुस्तान में सभी लोग मनाते हैं. इसका एक ही कारण है कि यह खुशियों की ईद है. लंबे वक्त तक चलने वाली ईद यही है.”
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का दिवाली पर दिया गया टेढ़ा-मेढ़ा संदेश इस कड़वी सच्चाई को उजागर करता है कि कांग्रेस पार्टी तुष्टीकरण की अपनी जहरीली वोट बैंक राजनीति को साधने के लिए, करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने या उनका अपमान करने से कभी पीछे नहीं हटती. ये वही खरगे जी हैं, जिन्होंने महाकुंभ का अपमानजनक तरीके से मजाक उड़ाया था.”
उन्होंने आगे कहा कि हमारा देश कभी नहीं भूलेगा और न ही कभी माफ करेगा कि किस तरह राहुल गांधी ने छठ पूजा का भद्दा अपमान करते हुए उसे महज़ एक ‘ड्रामा’ करार दिया था. नेहरू की कांग्रेस से लेकर, जिसने भव्य सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का विरोध किया था, राहुल गांधी की कांग्रेस तक, जिसने भव्य राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दुर्भावनापूर्ण तरीके से ‘नाच-गाना’ बताकर उसका अपमान किया, कांग्रेस पार्टी लगातार हिंदू-विरोधी मानसिकता पाले हुए है. तुष्टीकरण की अपनी बांटने वाली वोट बैंक राजनीति को बढ़ावा दे रही है.
बीजेपी प्रवक्त प्रदीप भंडारी ने कहा, “दिवाली पर भी कांग्रेस को तुष्टीकरण और वोट बैंक की ही सूझती है. कल सोनिया गांधी बाबरी के लिए रोई थीं, आज खड़गे जी अपने दिवाली संदेश में तुष्टीकरण कर रहे हैं. कांग्रेस सनातन विरोधी है.”
