50 मर्डर करने वाला डॉक्टर डेथ राजस्थान से गिरफ्तार, शवों को मगरमच्छों के बीच फेंक देता था

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा उर्फ “डॉक्टर डेथ” को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। डॉक्टर डेथ 50 से अधिक लोगों की हत्या कर चुका है। पहले आयुर्वेद में डॉक्टरी की डिग्री और इसके बाद 11 साल तक मेडिकल प्रेक्टिस। फिर एक फर्जी गैस एजेंसी और बाद में किडनी ट्रांसप्लांट का रैकेट। इसके बाद एक-एक कर 50 से ज्यादा लोगों की बेरहमी से हत्या और सबूत मिटाने के लिए मगरमच्छों का इस्तेमाल। कानून की नजरों से बचने के लिए पुजारी के भेष में एक आश्रम में जाकर छिप गया। होश उड़ा देने वाली ये कहानी है डॉक्टर देवेंद्र शर्मा की, जिसे डॉक्टर डेथ के नाम से भी जाना जाता है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को इसी डॉक्टर डेथ को राजस्थान के दौसा में एक आश्रम से गिरफ्तार किया। देवेंद्र शर्मा सजायाफ्ता है और 2023 में परोल मिलने के बाद गायब हो गया था। बताया जाता है कि उसने 50 से ज्यादा हत्याएं की और सबूत मिटने के लिए लाशों को उत्तर प्रदेश के कासगंज में मगरमच्छों से भरी नहर में फेंक दिया। आइए, आपको उसकी पूरी कहानी तफ्सील से बताते हैं।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रहने वाले देवेंद्र शर्मा ने बिहार के एक कॉलेज से बीएएमस की पढ़ाई की थी। डिग्री लेने के बाद देवेंद्र राजस्थान आ गया और यहां बांदीकुई इलाके में जनता क्लीनिक बनाकर मेडिकल प्रेक्टिस करने लगा। करीब 11 साल की प्रेक्टिस के बाद उसने डॉक्टरी को अलविदा कहा और गैस एजेंसी खोलने के मकसद से वापस अलीगढ़ आ गया। यहां उसके साथ धोखा हो गया, जिसकी वजह से उसे भारी नुकसान हुआ। नुकसान से उबरने के लिए देवेंद्र ने एक फर्जी गैस एजेंसी बनाई और अलग-अलग तेल कंपनियों के ट्रकों को लूटना शुरू किया। इस काम को करते हुए उसने 1998 और 2004 के बीच एक अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट भी चलाया। यहां उसने डॉक्टरों और बिचौलियों की मदद से दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में 125 से अधिक अवैध ट्रांसप्लांट कराए।
मगरमच्छों को खिलाता था लाशेंउसके संपर्क कई राज्यों के डॉक्टरों और बिचौलियों से थे। किडनी ट्रांसप्लांट के बदले उसे 5 से 7 लाख रुपये मिलते थे। इतना सब करने के बाद भी, जब उसका मन नहीं भरा तो उसने अब टैक्सी ड्राइवरों को निशाना बनाकर उनकी हत्या करना शुरू कर दिया। वह दिल्ली से टैक्सी किराए पर लेता और रास्ते में मौका पाकर ड्राइवरों की हत्या कर देता। हत्या के बाद लाशों को वह यूपी के कासगंज में बहने वाली हजारा नहर में फेंक देता था, ताकि किसी को कोई सबूत ना मिले।
50 हत्याओं के बाद गिनती याद नहीं…हत्या और लाश को ठिकाने लगाने के बाद देवेंद्र उनकी गाड़ियों को कबाड़ मार्केट में 20 से 25 हजार रुपये में बेच देता था। देवेंद्र अब अकेले काम नहीं करता था, उसने अपना एक गैंग भी बना लिया। हालांकि, कुछ वक्त बाद हत्याओं के इस राज से पर्दा हटा और पुलिस ने देवेंद्र को 21 टैक्सी चालकों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसने खुद 50 से अधिक लोगों को मारने की बात कबूल की। देवेंद्र ने यह भी कहा कि 50 लोगों को मारने के बाद उसे गिनती याद नहीं।
मिल पाईं केवल सात लाशेंपुलिस ने बताया कि चूंकि पुलिस पीड़ितों के शवों को कभी बरामद नहीं कर सकी, इसलिए देवेंद्र को केवल सात लोगों की हत्याओं के लिए आजीवन कारावास दिया गया। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी और बच्चों ने उसकी करतूतों का पता चलने के बाद उसे छोड़ दिया था। जनवरी 2020 में, देवेंद्र को अच्छे चाल-चलन की वजह से जयपुर सेंट्रल जेल से परोल पर रिहा कर दिया गया, लेकिन परोल अवधि खत्म होने के बावजूद वह वापस नहीं लौटा।
दूसरी शादी और प्रॉपर्टी का धंधाकुछ महीने बाद पुलिस इलाके के वॉन्टेड अपराधियों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही थी, तभी दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर को सूचना मिली कि देवेंद्र ने दूसरी शादी कर ली है और वह अपनी पत्नी के साथ बापरोला इलाके में रह रहा है। उसने एक प्रॉपर्टी डीलरशिप भी शुरू की है। हालांकि, जल्द ही उसे कनॉट प्लेस में एक विवादित बिल्डिंग बेचने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया और गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल में डाल दिया गया। मोबाइल रिचार्ज से मिला सुराग एक बार फिर देवेंद्र को दो महीने के लिए पैरोल दी गई। वह जून 2023 में जेल से बाहर निकला और कभी लौटकर वापस नहीं आया। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने अलीगढ़, जयपुर और दिल्ली तक गुपचुप तरीके से पूछताछ की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। करीब 6 महीने का वक्त बीतने के बाद पुलिस को पता चला कि देवेंद्र का मोबाइल राजस्थान के दौसा में रिचार्ज कराया गया है। तुरंत पुलिस की एक टीम दौसा के लिए रवाना हो गई।
भक्त बनकर देवेंद्र से मिला पुलिसवालायहां पहुंचने पर देवेंद्र की लोकेशन एक आश्रम में मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने सादी वर्दी में आश्रम के बाहर डेरा डाला और उसके ऊपर नजर रखनी शुरू की। एक हफ्ते की निगरानी के बाद पुलिस को पता चला कि देवेंद्र यहां पुजारी के भेष में छिपकर रह रहा है। पुलिस के एक जवान ने भक्त बनकर उससे मुलाकात की और लगातार उसपर नजर बनाए रखी। पुख्ता होने के बाद कि यह पुजारी ही सीरियल किलर देवेंद्र शर्मा है, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।