डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाकर प्रेमिका को बेसुध किया, फिर निर्वस्त्र कर हाईवे पर फेंका

उत्तरप्रदेश : बरेली में एक शादीशुदा डॉक्टर ने अपनी प्रेमिका के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। डॉक्टर ने युवती को तीन इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया, फिर चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे प्रहार किए और निर्वस्त्र कर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर फेंक दिया। उसकी योजना थी कि युवती किसी वाहन से कुचलकर मारी जाएगी और यह सड़क हादसा लगेगा। लेकिन किस्मत से समय रहते ग्रामीणों ने लहूलुहान युवती को देखा और पुलिस को सूचना दे दी।

बदायूं निवासी युवती ने पांच साल पहले बरेली के मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह बीसलपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करने लगी। वहीं उसकी मुलाकात एक बीएएमएस डॉक्टर से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसा लिया। बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इसी वजह से दोनों में कलह शुरू हो गई थी।

मंगलवार को युवती ने पेटदर्द की शिकायत डॉक्टर को बताई। वह इलाज के बहाने उसके घर पहुंचा और तीन इंजेक्शन लगाने के बाद उसे बेसुध कर दिया। फिर सिर और शरीर पर धारदार हथियार से वार किए। इसके बाद युवती को कार की आगे की सीट पर लिटाकर ड्रिप भी चढ़ाई। देर रात 12 बजे इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास हाईवे किनारे उसे निर्वस्त्र कर फेंक दिया। डॉक्टर चाहता था कि कोई वाहन टक्कर मार दे और मौत हादसा लगे। पुलिस को सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने युवती को दुपट्टा ओढ़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआत में डॉक्टर ने युवती को पहचानने से इनकार किया, लेकिन जब पुलिस ने उसके मोबाइल की कॉल डिटेल्स सामने रखीं तब सच सामने आया.

पूछताछ में डॉक्टर ने स्वीकार किया कि उसका युवती से प्रेम संबंध था और अब उससे पीछा छुड़ाना चाहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *