धमतरी कलेक्ट्रेट में पीड़ित युवक ने उठाया बड़ा कदम.. आत्मदाह की कोशिश

धमतरी । जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी शिकायत लेकर पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचे एक युवक ने मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साईं बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में परिवार सहित इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है। युवक का आरोप है कि उसका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित मकान में निवास कर रहा है, लेकिन हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।

आवेदन में रोहित सोनी ने दावा किया है कि मकान निर्माण कार्य के दौरान 10 से 20 लोगों का समूह उसके घर पहुंचा और निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही उसे मकान खाली कर अन्यत्र जाने के लिए दबाव बनाया गया। युवक के अनुसार उसे धमकियां भी दी गईं। रोहित ने भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके कुछ समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार उस पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। युवक का यह भी आरोप है कि उसके घर तक पहुंचने वाले रास्ते को खोदकर गड्ढा बना दिया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। उसने बताया कि नगर निगम और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी से परेशान होकर वह जनदर्शन कार्यक्रम में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचा था। इस दौरान उसने अचानक अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिकायत की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।