बलौदाबाजार में 28 हाथियों का झुंड, गांवों में हाई अलर्ट, खेतों में खड़ी धान की फसल रौंदी

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल और सोनाखान वन परिक्षेत्र में 28 हाथियों के दल की लगातार मूवमेंट से वन विभाग अलर्ट मोड पर है। हाथियों का झुंड कसडोल से करीब 6 किलोमीटर दूर बिलारी और बम्हनीडीह गांव के आसपास विचरण करता देखा गया है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग और हाथी मित्र दल लगातार हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक हाथियों का दल ग्राम बिलारी से सिद्ध बाबा झरना होते हुए आमझरिया झरना क्षेत्र की ओर बढ़ा है। दल में कुल 28 हाथी शामिल हैं, जिनमें 14 मादा, 11 बच्चे और 3 नर हाथी बताए जा रहे हैं। हाथियों की गतिविधियां कैमरे में भी कैद हुई हैं। इसके बाद वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और बढ़ा दी है। हाथियों के खेतों में पहुंचने से किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि फसल नुकसान के साथ-साथ मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को रोका जा सके।

जनहानि की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने लोगों से हाथियों का पीछा नहीं करने और उनके करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचने को कहा है। हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए कसडोल-पिथौरा मार्ग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की विशेष निगरानी रखी जा रही है। हाथी मित्र दल के सदस्य भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं।

पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने लोगों को सिद्ध बाबा झरना क्षेत्र की ओर जाने से बचने की अपील की है। हाथियों का दल इसी क्षेत्र की ओर बढ़ा है, ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल लगातार 28 हाथियों के झुंड की गतिविधियों को ट्रैक कर रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि हाथियों को सुरक्षित रास्ता मिले और ग्रामीणों तथा हाथियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा न हो।