यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर…24 घंटे में दो इनामिया बदमाश ढेर

उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही पुलिस द्वारा एनकाउंटर की कार्रवाई लगातार जारी है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कई स्थानों पर मुठभेड़ हुई है, जिनमें दो इनामी बदमाश मारे गए, जबकि तीन अन्य जिलों में हुई मुठभेड़ों में कई बदमाश घायल हुए और गिरफ्तार किए गए. लखनऊ में रविवार देर शाम पुलिस और इनामी बदमाश गुरुसेवक के बीच मुठभेड़ हो गई. जवाबी फायरिंग में डेढ़ लाख रुपये के इनामी गुरुसेवक को पुलिस ने ढेर कर दिया. गुरुसेवक उन्नाव के एक कैब ड्राइवर के अपहरण और सीतापुर में उसकी हत्या के मामले में वांछित था. खुद को घिरता देख गुरुसेवक ने पुलिस टीम पर 4 से 5 राउंड फायरिंग की, जिसमें क्राइम ब्रांच के एक इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल गुरुसेवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डीसीपी ने बताया कि गुरुसेवक पर हत्या, रेप और लूट के कई मुकदमे दर्ज थे.

आज तड़के मेरठ में भी पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 25 हजार के इनामी अपराधी शहजाद उर्फ निक्की की मौत हो गई. शहजाद दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म के मामले में वांछित था.

सुबह सरूरपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शहजाद घायल हो गया, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. शहजाद के खिलाफ सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, और उस पर 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला भी था.