अभियंता अलंकरण सम्मान समारोह 16 अगस्त को…

रायपुर। मानव विज्ञान एवं सेवा संस्थान छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय अभियंता अलंकरण समारोह, रविवार 16 अगस्त को अपरान्ह 4 बजे से छत्तीसगढ़ी अग्रवाल भवन पुरानी बस्ती रायपुर में आयोजित किया गया है। आयोजित किए जा रहे अलंकरण समारोह में राज्य के विभिन्न विभागों के विभागीय चयनित वरिष्ठ, विशिष्ठ एवं श्रेष्ठ 21 अभियंताओं को छत्तीसगढ़ शासन के आमंत्रित माननीय मंत्रीगण सम्मानित करेंगे। चूंकि अभियंता विकास का परियाय है, अस्तु इनके श्रम, निष्ठा और परिश्रम को सम्मान देने की श्रृंखला संस्थान की पवित्र भावना है।
आयोजित अलंकरण समारोह व्यक्ति विशेष का सम्मान नहीं, अपितु सम्मान है सृजन का, निर्माण का और विकास का। समारोह में प्रमुख रूप से श्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लोकसभा रायपुर के साथ पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा श्री धरमलाल कौशिक, शासन के कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्री मीनल चौबे उपस्थित रहेंगे। संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष इंजी. विजय कुमार कासू ने बताया है कि यह आयोजन राज्य की पच्चीसवीं कड़ी के रूप में है। संस्थान राज्य के उन अभियंताओं को प्रोत्साहित करता है जिन्होंने राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
राज्य स्तरीय अभियंता अलंकरण समारोह के संयोजक ए. बी. दुबे के अनुसार वरिष्ठ, विशिष्ठ, श्रेष्ठ अभियंताओं को अभियंता रत्न, अभियंता प्रतिभा रत्न, के अतिरिक्त सर्वोत्तम अभियंता अवार्ड एवं लाइफ टाइम एच्हीवमेंट से अलंकृत किया जाएगा।