इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया, रूट 99 रन पर नाबाद रहे

इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में गुरुवार देर रात 234 रन का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 44.1 ओवर में 6 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। जीत के हीरो जो रूट रहे। वे 99 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब सीरीज का फैसला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे में होगा।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की। कप्तान शुभमन गिल (31) और रोहित शर्मा (26) ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। गिल के आउट होने के बाद रोहित और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।

रोहित के आउट होने के बाद ईशान किशन जल्दी लौट गए, लेकिन विराट ने श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर टीम को 178/3 तक पहुंचा दिया। विराट ने 66 गेंद में 65 रन और श्रेयस ने 71 गेंद में 66 रन की पारी खेली।

भारत एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन विराट के आउट होते ही पारी लड़खड़ा गई। टीम ने सिर्फ 55 रन जोड़कर आखिरी 7 विकेट गंवा दिए। आखिर में जसप्रीत बुमराह ने 13 गेंद में नाबाद 20 रन बनाकर स्कोर 233 तक पहुंचाया। भारत 44 ओवर में ऑलआउट हो गया।

इंग्लैंड से जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 विकेट लिए। साकिब महमूद ने 2, जबकि सैम करन और विल जैक्स को 1-1 सफलता मिली। 234 रन का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने मैच की पहली ही गेंद पर बेन डकेट को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथेल को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 8/2 कर दिया। गुरनूर बरार ने कप्तान हैरी ब्रूक को पवेलियन भेजा। ।

रूट ने पहले सैम करन (26) के साथ 41 रन और फिर जोस बटलर (17) के साथ 31 रन जोड़कर इंग्लैंड को संभाला। बटलर के आउट होने के बाद भारत ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली थी। हालांकि इसके बाद विल जैक्स (30) ने रूट का अच्छा साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी।