एक्सपायरी दवाओं का खेल, हमर अस्पताल से CGMSC वेयरहाउस तक संदिग्ध दवाइयों का जखीरा

छत्तीसगढ़ : रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल में एक्सपायरी और निकट एक्सपायरी डेट वाली दवाइयों के मिलने के बाद सियासत गरमा गई है. पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने अस्पताल और CGMSC वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाइयों का जखीरा मिलने का दावा किया. साथ ही बीजेपी की साय सरकार पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. उपाध्याय ने दोषी अधिकारियों, एजेंसियों और कंपनियों पर FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है. रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हमर अस्पताल में कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने निरीक्षण और जांच की, इस दौरान अस्पताल में एक्सपायरी और कम एक्सपायरी अवधि वाली दवाइयों का बड़ा स्टॉक मिलने का दावा किया गया, उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मरीजों को ऐसी दवाइयां सप्लाई की जा रही हैं, जिनकी एक्सपायरी डेट नजदीक है या समाप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि यह मामला केवल राजधानी के एक अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में ऐसे कई मामले सामने आ सकते हैं, यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए.

विकास उपाध्याय ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन यानी सीजीएमएससी के वेयरहाउस में भी एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा मिला है, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और एजेंसियों से सांठगांठ के कारण जनता की जान जोखिम में डाली जा रही है.कांग्रेस नेता ने कहा कि नवजात शिशुओं को पोषण के लिए दी जाने वाली दवाइयों में भी एक्सपायरी और कम अवधि वाली दवाइयां शामिल हैं, उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसी दवाइयां बच्चों को दी जाएंगी तो उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि दवा कंपनियों में बीजेपी नेताओं और उनके परिवार के लोगों की हिस्सेदारी है. उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी अस्पतालों में सप्लाई की गई कैल्शियम दवाइयां खराब मिली थीं और मेडिकल किट में दस्ताने, सिरिंज और सर्जिकल ब्लेड जैसी सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे.

विकास उपाध्याय ने कहा कि वे सीजीएमएससी अधिकारियों, संबंधित एजेंसियों और कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे. साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की व्यापक जांच कराने की मांग की.

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी की विष्णु देव साय सरकार मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल रही है. कांग्रेस ने कहा कि सरकार को जनता की सेहत की चिंता नहीं है और एक्सपायरी दवाओं का यह मामला बेहद गंभीर हैं.