गाजियाबाद में 10 कुंटल नकली पनीर बरामद, जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाया, 3 लाख रुपए कीमत
गाजियाबाद के कौशाम्बी थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली पनीर पकड़ा है। चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने करीब 10 कुंटल नकली पनीर बरामद किया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह नकली पनीर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के ढबारसी गांव से दिल्ली ले जाया जा रहा था। पुलिस और फूड विभाग को पहले से शक था कि खराब और मिलावटी खाद्य सामग्री की सप्लाई की जा रही है। इसी के चलते चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें यह बड़ी खेप पकड़ी गई।
जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे पनीर को असुरक्षित मानते हुए जेसीबी की मदद से नष्ट करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि अगर यह पनीर दिल्ली की बाजारों तक पहुंच जाता तो हजारों लोगों की सेहत खतरे में पड़ सकती थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नकली और मिलावटी पनीर खाने से पेट और लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। लंबे समय तक इसका सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि 10 कुंतल पनीर से करीब 6 से 7 हजार लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंच सकती थी। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा खतरा टल गया। फिलहाल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नकली पनीर की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।
