हेमकुंड साहिब में हुई जबरदस्त बर्फबारी, श्रद्धालु बर्फीले हिम सरोवर में लगा रहे आस्था की डुबकी

उत्तराखंड में इस साल मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे है. एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है तो वहीं उत्तराखंड के उच्च हिमलायी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है. उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब में इन दिनों बर्फबारी हो रही है. बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं को थोड़ी दिक्कते तो आ रही है, लेकिन उनका जोश आई है. बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर दिखाई दे रही है. समुद्र तल से करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित यह पवित्र धाम इन दिनों सफेद बर्फ की चादर से ढका हुआ है, लेकिन कठिन मौसम भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पा रहा है.

लोकपाल घाटी की दुर्गम और खड़ी चढ़ाई पार कर श्रद्धालु ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों के साथ श्री हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं. सप्त श्रृंग पर्वतों के मध्य स्थित पवित्र हिम सरोवर में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर गुरु दरबार में मत्था टेक रहे हैं. हेमकुंड साहिब सिख धर्म के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की तपस्थली माना जाता है. सिख धर्मग्रंथों के अनुसार गुरु गोविंद सिंह जी ने अपने पूर्व जन्म में इसी स्थान पर कठोर तपस्या की थी.