फर्जी तहसीलदार बनकर फेसबुक पर महिला से की दोस्ती, फिर करने लगा ब्लैकमेल
छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में साइबर अपराध और लैंगिक अपराध के दो गंभीर मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फेसबुक पर खुद को तहसीलदार बताकर महिला को परेशान करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया, वहीं नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा आरोपी प्रयागराज से धर दबोचा गया। दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय पेशी की तैयारी की जा रही है। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से आरोपी आशुतोष उपाध्याय ने फेसबुक पर खुद को तहसीलदार बताकर दोस्ती की। सरकारी अधिकारी की पहचान देखकर महिला ने उसे सोशल मीडिया पर स्वीकार कर लिया। कुछ दिनों तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई। धीरे-धीरे आरोपी महिला पर निजी बातचीत का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने बातचीत बंद कर दी, तो उसने उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी ने न सिर्फ अश्लील संदेश और कॉल करना शुरू किया, बल्कि मानसिक दबाव डालने का प्रयास भी किया।
महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि आशुतोष ने कई फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और उनमें उसकी तस्वीरें व मोबाइल नंबर वायरल कर दिया। इससे महिला को सामाजिक बदनामी का डर और मानसिक तनाव दोनों का सामना करना पड़ा। पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की मंशा महिला को ब्लैकमेल कर संबंध बनाने और निजी लाभ उठाने की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
