फर्रुखाबाद : पैसेंजर ट्रेन में किन्नर ने आढ़त कर्मी को मारा चाकू
कासगंज से फर्रुखाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन में बुधवार की रात किन्नर को रुपये न देने पर आढ़तकर्मी को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। हरसिंहपुर गोवा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे गुस्साए ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ट्रेन रोक ली। भयभीत किन्नर और यात्रियों ने डिब्बा लॉक कर लिया तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। आरपीएफ व जीआरपी के सामने ग्रामीणों ने किन्नर को कब्जे में लेने का प्रयास किया। क्षेत्रीय पुलिस भी पहुंच गई। बमुश्किल 10 बजे के बाद ग्रामीण माने। इसके बाद किन्नर व घायल को जीआरपी थाने लाया गया। दो घंटे बाद ट्रेन रवाना हो सकी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर गोवा निवासी सुनील कुमार उर्फ अनूप (26) कायमगंज की एक आढ़त पर काम करते हैं। वह बुधवार दोपहर में अपनी बुआ के घर चले गए। शाम को कासगंज से फर्रुखाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन पर दरियावगंज स्टेशन से सवार हुए। उसके साथ परिवार का सौरभ भी था। ट्रेन कुछ दूर चली कि ट्रेन में सवार किन्नरों ने रुपये मांगने शुरू कर दिए। सुनील ने जेब में रखी रुपये की गड्डी के बीच से 10 रुपये निकालकर दि तो किन्नर ने अधिक रुपये मांगे। इसी बात पर विवाद होने लगा।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोप है कि किन्नर ने सुनील के हाथ में चाकू मार दिया। इससे उसकी नस कट गई। घायल सुनील ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। रात 8.37 बजे ट्रेन पहुंचने से पहले हरसिंहपुर गोवा स्टेशन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। हमले की आशंका देख किन्नरों और यात्रियों ने ट्रेन का डिब्बा अंदर से लॉक कर लिया। ग्रामीण काफी देर खुलवाने का प्रयास करते रहे। ट्रेन चलने को हुई तो ग्रामीणों ने जमकर पथराव किया।
इससे कई यात्री घायल हो गए। बड़ी घटना की आशंका को देख चालक और गार्डों ने भी बोगी बंद कर ली। इसी दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीना, जीआरपी इंस्पेक्टर, मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ और जीआरपी ने कई बार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह किन्नरों को अपने कब्जे में लेने पर अड़े रहे।
बमुश्किल रात सवा 10 बजे घायल सुनील व सौरभ को जीआरपी कर्मी अपने वाहन से मुकदमा लिखने की बात कहकर चले गए। इसी दौरान आरोपी किन्नरों को दूसरे डिब्बे में ले जाकर सुरक्षित थाने लाया गया। इज्जतनगर डीआरएम के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि किन्नर से यात्री का विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने ट्रेन रोक ली थी। रात 10.27 बजे ट्रेन रवाना हो गई। जीआरपी व आरपीएफ कार्रवाई करेगी।
