मुजफ्फरपुर में गजब कांड! महिलाएं निकलीं शराब तस्कर, ऐसे खुला राज

मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी लागू हुए कई साल हो चुके हैं. इस कानून को महिलाओं और परिवारों के हित में लागू किया गया था. इसका उद्देश्य शराब से होने वाले घरेलू विवाद, हिंसा और सामाजिक समस्याओं को कम करना था. लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है. मुजफ्फरपुर में पांच महिलाओं को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये महिलाएं लंबे समय से शराब की तस्करी कर रही थीं.

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी. बताया गया था कि कुछ महिला तस्कर उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए विदेशी शराब लेकर बिहार आ रही हैं. सभी महिलाएं छपरा स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई हैं. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग हरकत में आ गया. अधिकारियों ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई. टीम की जिम्मेदारी एएसआई नीरज कुमार और एएसआई रिंकू कुमारी को दी गई. इसके बाद टीम ने सदर थाना क्षेत्र के पताही में छपरा-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, कुछ देर बाद एक संदिग्ध ऑटो वहां पहुंचा. टीम ने ऑटो को रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान ऑटो में बैठी पांचों महिलाओं के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद सभी महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महिला तस्करों ने शराब को इस तरह छिपाकर रखा था. इसकी जानकारी ऑटो चालक को भी नहीं थी.

वहीं, गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. सभी महिलाएं मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट की रहने वाली हैं. शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि वे काफी समय से उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए शराब लाकर मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में बेच रही थीं.

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई.पांच महिला तस्करों को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. साथ ही शराब की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर बिहार में शराबबंदी के बावजूद सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं. वहीं, महिलाओं के इस अवैध कारोबार में शामिल होने की घटना भी चर्चा का विषय बनी हुई है.