केरलम में महिला कांग्रेस विधायक के साथ हाथापाई, कार्यकर्ताओं ने हाथ मरोड़ा,7 लोगों पर FIR

केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरयिनकीझु में शुक्रवार रात कांग्रेस विधायक राम्या हरिदास और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। झड़प का वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम्या के साथ कुछ लोग हाथापाई करते दिख रहे हैं।

लोगों ने विधायक का हाथ पीछे की ओर मरोड़ दिया। वीडियो में विधायक अपना हाथ छोड़ने के लिए कहती हैं और सामने मौजूद व्यक्ति से पूछती हैं कि वह कौन है। घटना के बाद विधायक को चिरयिनकीझु तालुक अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने उनकी शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य सजित मुथंबलम और पार्टी नेता साजद समेत 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, विवाद विधायक के स्टाफ सदस्य पालयम प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने को लेकर शुरू हुआ। विधायक का कहना है कि प्रदीप उनके पर्सनल असिस्टेंट हैं। वहीं, साजद का दावा है कि विधायक के पीए कोई और व्यक्ति हैं, जिसका नाम विमल है।

विधायक राम्या ने बताया कि इलाके में हाल ही में बैंक का चुनाव हुआ था। कांग्रेस के सदस्य तीन अलग-अलग पैनल से चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने किसी भी पैनल के सम्मेलन में शामिल होने से इनकार कर दिया था, ताकि किसी एक गुट का समर्थन करने का संदेश न जाए।

इसके बाद साजद ने वॉट्सएप और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणियां कीं। हरिदास के मुताबिक, जब उन्होंने साजद से इन पोस्ट के बारे में पूछा तो उसने कहा कि सजित और विश्वनाथन के कहने पर ये पोस्ट किए गए थे। बाद में साजद ने उन्हें अपने घर बुलाकर इस मुद्दे पर बात करने के लिए कहा।

विधायक के मुताबिक, वह कुछ लोगों के साथ साजद के घर पहुंचीं। इसी दौरान सजित, अधीश, बिनॉय और कई अन्य लोग भी वहां आ गए। विधायक का आरोप है कि सजित ने उनके साथ आक्रामक व्यवहार किया और उन्हें धमकी दी।

उन्होंने दावा किया कि सजित ने कहा कि जिस तरह वह वहां आई हैं, उसी तरह पैदल वापस नहीं जा पाएंगी। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके और उनके साथियों के खिलाफ साजिश रची गई थी। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान उन्हें चोटें आईं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में इलाज कराया।

साजद ने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के वॉट्सएप ग्रुप में प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने पर सवाल उठाया था। उनके मुताबिक, विधायक का करीबी होने की आड़ में प्रदीप इलाके में जरूरत से ज्यादा दखल दे रहे हैं।

साजद का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पोस्ट करने के बाद रात में विधायक, प्रदीप और कुछ अन्य लोग उनकी चिकन शॉप पर पहुंचे। इन लोगों ने उनकी पत्नी और बेटी से मिलने की मांग की और उन्हें जबरन दुकान से घर ले गए। रास्ते में सजित समेत कुछ स्थानीय कांग्रेस नेता भी उनके साथ हो गए।

साजद के अनुसार, घर पहुंचने पर प्रदीप ने उनकी बेटी से वॉट्सएप पोस्ट पढ़ने को कहा। साजद के विरोध के बाद बहस बढ़ी और सजित ने विधायक से सवाल-जवाब किए, जिसके बाद हाथापाई हुई। साजद ने दावा किया कि सामने आया वीडियो इसी झड़प का है। उनके मुताबिक, विधायक रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति की तरफ बढ़ी थीं, जिसके बाद हाथापाई हुई।

उन्होंने इस दावे को भी खारिज किया कि हरिदास को बातचीत के लिए घर बुलाया गया था। साजद और उनकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत देकर सुरक्षा मांगी है। पुलिस ने कहा है कि साजद की शिकायत पर अलग केस दर्ज किया जाएगा। है।

राम्या हरिदास केरल की युवा कांग्रेस नेता हैं। वह 2019 में अलाथुर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं और 2024 तक लोकसभा में रहीं। 2026 में उन्होंने चिरयिनकीझु (SC) विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके गाने काफी चर्चा में रहे थे।