जून में रिलीज होंगी ये फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर लगा है 1400 करोड़ से ज्यादा का दांव

जून 2026 का महीना सिनेमा लवर्स के लिए त्योहारों वाला होने वाला है. बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडियन सिनेमा तक कई ऐसी फिल्में हैं जिनका बेसब्री से इंतजार है. वे अगले महीने बड़े पर्दे पर आने वाली हैं. जून में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1,470 करोड़ से ज्यादा दांव पर लगा है, जिससे यह साल का सबसे महंगा और रिस्की महीना बन गया है. हर हफ्ते रिलीज होने वाली इन 7 फिल्मों के बजट पर एक नजर डालते हैं. जून महीने की शुरुआत 2 बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट फिल्मों से होने वाली है. पहले हफ्ते में ही 3 फिल्में आपस में टकराएंगी.

1. पेड्डी- 4 जून: फैंस एक साल से ज्यादा समय से राम चरण की पैन-इंडिया स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा का इंतजार कर रहे हैं. इस फिल्म में वह बिल्कुल अलग अवतार में दिखेंगे, जिसमें जाह्नवी कपूर उनका साथ देंगी. 350 करोड़ के बड़े बजट में बनी इस फिल्म में जून में ऐतिहासिक ओपनिंग करने की क्षमता है.

2. है जवानी तो इश्क होना है- 5 जून: वरुण धवन और मृणाल ठाकुर स्टारिंग यह रोमांटिक-कॉमेडी ‘पेड्डी’ के ठीक एक दिन बाद थिएटर में रिलीज होगी. कम बजट (₹55 करोड़) और मजबूत यूथ अपील के साथ, ट्रेड पंडितों का मानना ​​है कि यह फिल्म अपने गानों और फ्रेश जोड़ी की वजह से बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हो सकती है.

3. बंदर- 5 जून: ‘एनिमल’ के बाद, बॉबी देओल का विलेन वाला और इंटेंस अवतार दर्शकों को पसंद आ रहा है. उनकी क्राइम-ड्रामा ‘बंदर’, जो 5 जून को रिलीज हो रही है, अभी बी-टाउन में बहुत हाइप बना रही है. 120 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म की कहानी छोटे शहर के क्राइम और पॉलिटिक्स के आस-पास बुनी गई है, जिसमें बॉबी का किरदार रोंगटे खड़े कर देने वाला बताया गया है.

4. कॉकटेल 2- 19 जून: 2012 की कल्ट फिल्म ‘कॉकटेल’ के इस स्पिरिचुअल सीक्वल में शाहिद कपूर, कृति सनोन और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना की एक नई तिकड़ी है. 95 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म आज के शहरी युवाओं, उनके मुश्किल रिश्तों और मॉडर्न लव स्टोरीज को दिखाती है. फिल्म का म्यूजिक पहले से ही चार्टबस्टर बनने की राह पर है.

5. जन नायकन- 22 जून: ‘जन नायकन’ जून की सबसे महंगी फिल्मों में से एक और साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक. कई बार इसकी रिलीज डेट चेंज वाले के बाद अब थलपति विजय के जन्मदिन 22 जून को इस फिल्म को रिलीज किया जा सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 500 करोड़ के इस मेगा-बजट प्रोजेक्ट में विजय एक दमदार पॉलिटिकल और सोशल ड्रामा के हीरो के तौर पर होंगे. यह फिल्म पिछले कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ सकती है.

6. वेलकम टू द जंगल- 26 जून: ‘वेलकम’ फ्रैंचाइजी का यह तीसरा पार्ट एक बड़े बजट की एक्शन-कॉमेडी है, जिसमें बॉलीवुड के लगभग 30 एक्टर एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे. 250 करोड़ के बड़े बजट के साथ, डायरेक्टर ने जंगल के बैकग्राउंड पर ह्यूमर और खतरनाक स्टंट का ऐसा जाल बुना है जो हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगा. अक्षय कुमार के कॉमिक स्टाइल की वापसी इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है.

7. लेनिन- 26 जून: अक्षय कुमार की फिल्म के साथ यंग साउथ इंडियन स्टार अखिल अक्किनेनी की नई तेलुगु एक्शन-ड्रामा, ‘लेनिन’ भी 26 जून को स्क्रीन पर आ रही है. 100 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म एक इंटेंस और रेवोल्यूशनरी सोशल बैकग्राउंड पर बनी है, जो अखिल का एक बिल्कुल नया और एग्रेसिव साइड दिखाती है.