दुर्ग में सरकारी स्कूल में लगी आग, प्रिंसिपल ऑफिस में रखे जरूरी सामान जले

दुर्ग के पोटिया कला इलाके में शुक्रवार रात शासकीय स्कूल में आग लग गई। स्कूल में प्रिंसिपल कक्ष में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और स्कूल के जरूरी कागज भी सुरक्षित बचा लिए गए। मामला पद्मनापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, घटना 1 मई की रात करीब 8:46 बजे की है। पोटिया कला स्थित शासकीय स्कूल के प्रिंसिपल ऑफिस से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी। सूचना मिलते ही विभाग ने बिना देर किए एक दमकल टीम को मौके के लिए रवाना किया।

दमकल टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि प्रिंसिपल के कमरे से तेज धुआं और आग निकल रही थी। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत काम शुरू किया। जवान धुएं और आग से भरे कमरे के अंदर गए और कड़ी मेहनत के बाद आग को फैलने से रोक दिया। उनकी सतर्कता और तेजी से काम करने के कारण आग स्कूल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी। हालांकि प्राचार्य कक्ष का कुछ सामान जलकर खाक हो गया है।

अग्निशमन कर्मियों ने खास तौर पर कमरे में रखे शासकीय दस्तावेजों को बचाने पर ध्यान दिया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़े नुकसान से बचाव हो गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग भी सतर्क हो गया है और आगे की जांच की बात कही जा रही है।