कोटा के सिटी मॉल में लगी भीषण आग, दमकल की 14 गाड़ियों ने 2 घंटे में काबू पाया

कोटा के विज्ञान नगर इलाके के सिटी मॉल में बुधवार अचानक आग लग गई। आग से मॉल की फर्स्ट-सेकंड फ्लोर की फॉल सिलिंग गिर गई। दमकल की 14 गाड़ियां ने 2 घंटे में आग पर काबू पाया। आग सुबह 9.30 बजे सिटी मॉल के सेकंड फ्लोर पर स्थित डीआईवाई स्टोर में लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिल्डिंग को खाली करवाया। आग का धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। मॉल मैनेजमेंट के वीरेंद्र पंड्या ने बताया कि आग की लपटें आस-पास की दुकानों की दीवारों तक ही पहुंची थी। दमकल और मॉल के अंदर लगे फायर सेफ्टी सिस्टम से काबू पा लिया। ज्यादा नुकसान DIY स्टोर को ही हुआ है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि एफएसएल टीम के साथ DIY स्टोर में जांच की गई। स्टोर का सभी सामान पूरी तरह से जल गया। वहीं हीट होने के कारण फर्स्ट और सेकंड फ्लोर पर फॉल सीलिंग भी गिर गई। आग लगने से अंदर धुआं हो था, जिससे आसपास की दुकानों में दीवार और अन्य आइटम खराब हो गए।

सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सिटी मॉल को फिलहाल आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। कोटा नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर अमजद ने बताया शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है।